बैठक में शामिल अधिकारी  
सिलीगुड़ी

अलीपुरदुआर जंक्शन के आसपास रेलवे जमीन से हटेगा अतिक्रमण

Gayetri Yadav

अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर जंक्शन रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे की जमीन पर बसे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रेलवे ने जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गई कॉलोनियों को खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अलीपुरदुआर डिवीजन के डीआरएम देवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की पुष्टि की। डीआरएम ने कहा कि अलीपुरदुआर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और स्टेशन का विस्तार करने के लिए रेलवे को अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता है। इसके लिए रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में अब और बातचीत नहीं होगी तथा रेलवे जल्द ही उच्छेद अभियान चलाएगा। जानकारी के अनुसार, जंक्शन से सटे रेलवे की जमीन पर कई कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। रेलवे की ओर से करीब एक वर्ष पहले संबंधित लोगों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। पिछले दो महीनों में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने कई बार मौके पर जाकर लोगों से जमीन खाली करने की अपील की। डीआरएम ने बताया कि जंक्शन स्टेशन के विस्तार के साथ आधुनिक रेलवे ट्रैक बिछाने की भी योजना है। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, अलीपुरदुआर में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण के लिए रेलवे की जमीन के इस्तेमाल को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि इसके लिए करीब 30 एकड़ जमीन की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में रेलवे के पास इतनी जमीन उपलब्ध नहीं है। रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाने की घोषणा के बाद जंक्शन से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

SCROLL FOR NEXT