हाथी के हमले से क्षतिग्रस्त घर  
सिलीगुड़ी

आधी रात चाय बागान में घुसा हाथी, दो घरों में तोड़फोड़

अलीपुरदुआर: कालचीनी ब्लॉक स्थित भरनोबाड़ी चाय बागान में देर रात जंगली हाथी के उत्पात से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब दो बजे जंगल से निकला हाथी आनंद लाइन इलाके में पहुंच गया और दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी ने सबसे पहले आनंद उरांव के घर का मुख्य गेट और रसोईघर तोड़ दिया। इसके बाद उसने पास में रहने वाली माला बेगम के घर के सामने वाले हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया। हाथी के अचानक रिहायशी इलाके में पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। हाथी की आवाजाही और घरों में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। इसी दौरान घबराहट में भागते समय एक महिला गिरकर घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सहायता पहुंचाई और प्राथमिक उपचार कराया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भरनोबाड़ी चाय बागान जंगल से सटा होने के कारण यहां अक्सर जंगली हाथियों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन इस बार हाथी सीधे श्रमिक लाइन में घुसकर घरों को नुकसान पहुंचाने लगा, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी उपाय करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT