सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी के नेताजी सरणी इलाके में एक दुकान से लाखों रुपये के बिजली उपकरण चोरी होने के मामले में मेट्रोपोलिटन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान देबब्रत सरकार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए सभी बिजली उपकरण भी बरामद कर लिए हैं। मंगलवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नेताजी सरणी स्थित एक दुकान में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। दुकान से लाखों रुपये के बिजली उपकरण गायब होने का पता चलने के बाद मालिक ने पानीटंकी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही विभिन्न सूत्रों से जानकारी जुटाई गई। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि देबब्रत सरकार मूल रूप से फालाकाटा का निवासी है और फिलहाल सिलीगुड़ी में अपनी मां के साथ किराये के मकान में रह रहा था।
इसके बाद पानीटंकी चौकी की पुलिस टीम ने उसके किराये के आवास पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी बिजली उपकरण बरामद कर लिए।
पुलिस अब चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित ने चोरी की वारदात को अकेले अंजाम दिया था या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।