अस्पताल में इलाजरत घायल 
सिलीगुड़ी

महिला से विवाद के बाद बुजुर्ग पर लाठी से हमला

Gayetri Yadav

नागराकाटा : नागराकाटा ब्लॉक के धरनीपुर चाय बागान के पाइपलाइन इलाके में एक 57 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति को लहूलुहान अवस्था में पाए जाने की घटना सामने आई है। घायल व्यक्ति की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे घायल अवस्था में मिलने के बाद स्थानीय लोगों और भिलेज पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

रोशन सिंह के अनुसार, वह बुधवार रात धरनीपुर पाइपलाइन इलाके में एक व्यक्ति के घर पैसे लेने के लिए गए थे और रात में वहीं ठहरे थे। इसी दौरान एक महिला के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने लाठी से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

रोशन सिंह का कहना है कि मारपीट के बाद वह रातभर घायल अवस्था में पड़े रहे। इसके बाद किसी तरह घिसकते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पहुंचे। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने भिलेज पुलिस अर्जुन प्रधान की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, स्थानीय कुछ लोगों का आरोप है कि रोशन सिंह ने महिला के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने का प्रयास किया था और महिला की बच्ची के साथ भी कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया गया। इसी बात से नाराज होकर महिला ने गुस्से में उन पर हमला किया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रोशन सिंह को उनकी स्थिति को देखते हुए मालबाजार मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल रोशन सिंह ने उन्हें सड़क किनारे से उठाकर अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय युवकों और भिलेज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। घटना को लेकर घायल व्यक्ति और स्थानीय लोगों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

SCROLL FOR NEXT