Tourism minister Shankar Ghosh  
सिलीगुड़ी

एक दिन में एक लाख से ज्यादा घरों में जलेगा ‘आशीर्वाद दीप’, भाजपा ने शुरू की तैयारी

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सिलीगुड़ी में भाजपा ने बड़े जनसंपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी एक दिन में एक लाख से अधिक लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद दीप’ जलाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। भाजपा का कहना है कि यह कार्यक्रम सेवा और जनसंपर्क अभियान का हिस्सा है, हालांकि राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे आगामी चुनावों से जोड़कर देख रहे हैं। भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संबंध अभियान’ चलाया जाएगा। पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलन’ भी शामिल है। इस कार्यक्रम के तहत राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ता दीप जलाएंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। पार्टी के मुताबिक, इसका उद्देश्य लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिले के अंतर्गत सिलीगुड़ी शहर, ग्रामीण क्षेत्र, डाबग्राम-फुलबाड़ी और इस्लामपुर के कुछ हिस्से आते हैं। पूरे क्षेत्र में करीब 1,264 बूथ हैं। पहले दिन प्रत्येक बूथ के अंतर्गत करीब 100 घरों में जाकर आशीर्वाद दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मंडल और शक्तिकेंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं की कई टीमें तैयार की जा रही हैं। अभियान को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और बैठक भी की जा चुकी है। हालांकि, आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों से ठीक पहले इस तरह के बड़े जनसंपर्क अभियान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधे पहुंच बनाने के पीछे चुनावी रणनीति भी हो सकती है। वहीं, भाजपा के सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल ने कहा कि इस कार्यक्रम का चुनाव से कोई संबंध नहीं है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, एक दिन में एक लाख से अधिक घरों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पार्टी का जनसंपर्क और मजबूत होगा।

SCROLL FOR NEXT