सिलीगुड़ी

मतदाता सूची और नगर निगम चुनाव को लेकर डीवाईएफआई का अभियान

8 अक्टूबर को एसडीओ कार्यालय तक निकलेगा मार्च, ज्ञापन सौंपने की तैयारी

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

मतदाता सूची में छूटे योग्य मतदाताओं के नाम फिर से शामिल करने और सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव जल्द कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर डीवाईएफआई की दार्जिलिंग जिला कमेटी ने 8 अक्टूबर को महकमा शासक कार्यालय अभियान का आह्वान किया है। संगठन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की है।

बुधवार को हिलकार्ट रोड स्थित अनिल विश्वास भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीवाईएफआई की दार्जिलिंग जिला कमेटी ने गुरुवार के कार्यक्रम की जानकारी दी। संगठन के अनुसार, कार्यकर्ता और समर्थक महानंदा पुल के निकट एकत्रित होंगे। वहां से जुलूस के रूप में महकमा शासक कार्यालय की ओर रवाना होंगे।

डीवाईएफआई ने कहा कि अभियान के दौरान मतदाता सूची से बाहर किए गए योग्य मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने, सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव जल्द कराने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे समेत विभिन्न मांगों को लेकर महकमा शासक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक दलों की ओर से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। सिलीगुड़ी में भी इससे जुड़े मुद्दों को लेकर हाल के दिनों में विभिन्न राजनीतिक संगठनों ने कार्यक्रम किए हैं।

डीवाईएफआई ने अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से गुरुवार के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संगठन की ओर से कहा गया कि अभियान के माध्यम से संबंधित मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।

SCROLL FOR NEXT