सिलीगुड़ी: दुर्गापूजा के आगमन की आहट के साथ ही सिलीगुड़ी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को न्यू कॉलोनी बॉयज क्लब-सिलीगुड़ी जंक्शन दुर्गापूजा कमेटी की ओर से खूंटी पूजा का आयोजन किया गया। वार्ड नंबर 47 स्थित क्लब परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। खूंटी पूजा के साथ ही कमेटी ने इस वर्ष होने वाली दुर्गापूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया। इस बार कमेटी अपनी पूजा के 71वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है।खूंटी पूजा को लेकर क्लब परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आयोजकों के मुताबिक, इस वर्ष पूजा की खास थीम ‘शिल्पेर आंगनाए मां’ रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप पूजा मंडप को मिट्टी से बनी पारंपरिक वस्तुओं से सजाया जाएगा। मिट्टी के हांडी, कलश, दीपक समेत कई तरह की मिट्टी की कलाकृतियों का इस्तेमाल कर मंडप को आकर्षक रूप देने की तैयारी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा मंडप का निर्माण स्थानीय कलाकारों के हाथों किया जाएगा। इसके जरिए स्थानीय कला और शिल्प को भी पूजा के माध्यम से सामने लाने की कोशिश की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि मंडप की सजावट और थीम के जरिए श्रद्धालुओं को परंपरा और कला का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।