उत्तर दिनाजपुर : मिट्टी से बनी दुर्गा प्रतिमा अब उत्तर दिनाजपुर के कुनोर गांव की कला को कोलकाता तक पहुंचाएगी। कुनोर के टेराकोटा गांव के कलाकार दुलाल राय द्वारा तैयार छोटी दुर्गा प्रतिमा इस बार कोलकाता की एक नामी पूजा समिति के मंडप में स्थापित की जाएगी। इसे लेकर गांव के कलाकारों में उत्साह है।
कुनोर का टेराकोटा गांव लंबे समय से मिट्टी की कला के लिए जाना जाता है। यहां कई परिवार पीढ़ियों से मृत्तिका शिल्प से जुड़े हैं। दुलाल राय भी इसी परंपरा के कलाकार हैं। वर्षभर मिट्टी से अलग-अलग सामान बनाने वाले दुलाल के लिए दुर्गापूजा से पहले का समय खास व्यस्तता वाला होता है।इस बार उन्होंने छोटी दुर्गा प्रतिमा तैयार की है। आकार में छोटी होने के बावजूद प्रतिमा को तैयार करने में बारीकियों का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रतिमा के चेहरे की बनावट, हाथ-पैर और आभूषणों में कलाकार ने अपनी कला को उकेरने की कोशिश की है।
दुलाल राय ने कहा कि कोलकाता की नामी पूजा में उनकी बनाई प्रतिमा का जाना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब तक गांव और स्थानीय बाजार के लिए मिट्टी की कलाकृतियां तैयार करते थे। कोलकाता से मिला यह अवसर कुनोर की टेराकोटा कला को बड़े मंच तक पहुंचाने में मदद करेगा।उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में कोलकाता सहित अन्य स्थानों से भी ऑर्डर मिलेंगे। इससे स्थानीय कलाकारों को काम मिलेगा और नई पीढ़ी भी माटी कला से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होगी।स्थानीय कलाकारों का कहना है कि कुनोर की मिट्टी की कला का कोलकाता की पूजा में पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए उत्साह की बात है। छोटी दुर्गा प्रतिमा के जरिए इस बार उत्तर दिनाजपुर की मिट्टी और यहां के कलाकारों की मेहनत महानगर के पूजा मंडप तक पहुंचेगी।