सिलीगुड़ी

शाम 6 बजे खुला दुधिया बेली ब्रिज

12 घंटे के रखरखाव के बाद सिलीगुड़ी-मिरिक मार्ग पर फिर शुरू हुई सीधी आवाजाही

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी :सिलीगुड़ी-मिरिक मार्ग पर दुधिया का बेली ब्रिज मंगलवार शाम 6 बजे रखरखाव का काम पूरा होने के बाद वाहनों के लिए खोल दिया गया। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पुल पर आवाजाही बंद रहने से सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सीधा संपर्क प्रभावित रहा। पुल खुलने के बाद यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिली।बेली ब्रिज को नियमित रखरखाव के तहत 12 घंटे के लिए बंद रखा गया था। इस दौरान सिलीगुड़ी-मिरिक के बीच आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

दुधिया में बालासन नदी पर बने पुराने पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद सेना द्वारा तैयार किया गया बेली ब्रिज इस मार्ग की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। वहीं, तेज बारिश और बालासन नदी के तेज बहाव से ह्यूम पाइप ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा था। इसके कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित है।मंगलवार शाम रखरखाव का काम पूरा होने के बाद बेली ब्रिज को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही सिलीगुड़ी-मिरिक मार्ग पर सीधी आवाजाही सामान्य हो गई। स्थायी पुल का निर्माण भी जारी है, जिसके तैयार होने के बाद इस मार्ग की यातायात व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT