सड़क सड़क किनारे जल जमाव 
सिलीगुड़ी

रेगुलेटेड मार्केट में जल निकासी की समस्या बरकरार, गंदे पानी से व्यापारी-मजदूर परेशान

Gayetri Yadav

सिलीगुड़ी: रेगुलेटेड मार्केट में प्रशासन की ओर से लगातार आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान की गति संतोषजनक नहीं है। मजदूरों और व्यापारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था पहले की तुलना में कुछ हद तक बेहतर हुई है, लेकिन जल निकासी की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। हल्की बारिश होते ही नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है और आसपास दुर्गंध फैल जाती है।

नाम न बताने की शर्त पर कुछ व्यापारियों ने बताया कि सत्ता परिवर्तन के बावजूद रेगुलेटेड मार्केट की कई पुरानी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। जल निकासी की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। पिछली सरकार के समय भी कई बार आश्वासन मिले, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब व्यापारियों को मौजूदा सरकार से उम्मीद है।

व्यापारियों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नालियों में गंदा पानी जमा रहता है। वहीं, कुछ दुकानदारों द्वारा नालियों के आसपास कचरा फेंके जाने से स्थिति और खराब हो जाती है। इस कारण बाहरी व्यापारी भी बाजार से दूरी बनाने लगे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

गंदे पानी के कारण मजदूरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक गंदे पानी के संपर्क में रहने से संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बना रहता है। व्यापारियों और मजदूरों ने प्रशासन से रेगुलेटेड मार्केट में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था जल्द करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT