डाबग्राम 1 एवं 2 और फूलबाड़ी 1 एवं 2, चारों ग्राम पंचायत क्षेत्रों को मिला कर नई नगर पालिका बनाने का वादा
डाबग्राम व फूलबाड़ी इलाके के लिए अलग प्रशासनिक व्यवस्था, एवं मेट्रोपोलिटन कोर्ट स्थापित किया जाएगा
सन्मार्ग संवाददाता, सिलीगुड़ी : डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से माकपा उम्मीदवार दिलीप सिंह ने सोमवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र किया। इस दिन माकपा जिला कार्यालय अनिल विश्वास भवन में माकपा जिला सचिव समन पाठक एवं सिलीगुड़ी नगर निगम में माकपा परिषदीय दल के नेता मुंशी नूरुल इस्लाम संग घोषणा पत्र जारी किया।
इस घोषणा पत्र में मुख्य बातों में यह है कि, डाबग्राम 1 एवं 2 और फूलबाड़ी 1 एवं 2, चारों ग्राम पंचायत क्षेत्रों को मिला कर नई नगर पालिका बनाई जाएगी। डाबग्राम व फूलबाड़ी इलाके के लिए अलग प्रशासनिक व्यवस्था एवं मेट्रोपोलिटन कोर्ट स्थापित किया जाएगा। इलाके में अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। नए स्वास्थ्य केंद्र कायम किए जाएंगे एवं वर्तमान स्वास्थ्य केंद्रों का कायाकल्प किया जाएगा। इलाके के सारे सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया जाएगा। फूलबाड़ी इलाके में नया कॉलेज कायम किया जाएगा। डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत समस्त गैर सरकारी स्कूलों के बेलगाम शुल्क पर लगाम लगाई जाएगी। महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यकों के पिछड़े समुदाय के विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रावास कायम किए जाएंगे। पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जाएगा, सड़कों की बदहाली दूर की जाएगी, नए रास्ते बनाए जाएंगे, जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा, ईस्टर्न बाइपास रोड को सुरक्षित बनाने हेतु सड़क के जीर्णोद्रार संग व्यापक स्ट्रीट लाइटें लगाए जाएंञी।
इसके साथ ही, डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक एवं वाणिज्यिक विकास हेतु आधारभूत संरचनात्मक विकास को बल दिया जाएगा, बाजारों का कायाकल्प किया जाएगा, फूटपाथी व्यवसायियों को अमानवीय रूप में विस्थापित नहीं किया जाएगा। फूलबाड़ी क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक केंद्र के रूप में वास्तव में उन्नत किया जाएगा।