चाय बागान में काम करते श्रमिक  
सिलीगुड़ी

चार महीने बाद खुला देवपाड़ा चाय बागान, श्रमिक परिवारों में खुशी की लहर

नागराकाटा: लगभग चार महीने तक बंद रहने के बाद गतिरोध समाप्त करते हुए डुआर्स के बानारहाट ब्लॉक स्थित देवपाड़ा चाय बागान को पुनः खोल दिया गया। बोनस को लेकर श्रमिकों और प्रबंधन के बीच हुए विवाद के कारण बीते वर्ष 22 सितंबर से यह चाय बागान बंद पड़ा था। बागान खुलते ही श्रमिकों और उनके परिवारों में खुशी और राहत का माहौल देखने को मिला। मालिक पक्ष के संगठन आईटीपीए के जलपाईगुड़ी कार्यालय में हाल ही में आयोजित त्रिपक्षीय बैठक में हुई बातचीत के आधार पर बागान खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में श्रमिकों के बकाया भुगतान, भविष्य की बागान प्रबंधन व्यवस्था और कार्य परिवेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि लंबे समय तक बागान बंद रहने के कारण देवपाड़ा चाय बागान के 1174 स्थायी श्रमिकों के परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे थे।

कामकाज ठप होने के कारण कई परिवारों को दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बागान खुलने से श्रमिकों के लिए एक बार फिर रोज़गार का रास्ता खुल गया है।चाय बागान के दोबारा शुरू होने की खबर से पूरे इलाके में राहत और संतोष का माहौल है। श्रमिकों को उम्मीद है कि आपसी बातचीत से सुलझे इस विवाद के बाद भविष्य में फिर कोई संकट उत्पन्न नहीं होगा। स्थानीय चाय श्रमिक गोपाल मंडल, मिनाती खेरवार, ओम प्रकाश नायक और प्रशुराम ग्वाला ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद आज से बागान खुला है। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिक काफी खुश हैं। पहले दिन सभी श्रमिक काम पर नहीं आ सके, लेकिन धीरे-धीरे सभी काम पर लौट आएंगे। श्रमिकों की इच्छा है कि बागान सुचारु रूप से चले और इसके लिए वे प्रबंधन को पूरा सहयोग देंगे। तृणमूल चाय बागान मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष तबारक अली ने कहां काफी समय बाद चाय बगान खुलने से सभी में खुशी है। लेकिन चाय बागान फैक्ट्री में काफी चोरी हुआ है जिसके कारण मलिक ने पहले भी इसकी जानकारी हम लोग को दिया था। हमलोगो ने बानरहाट थाना के आईशी को सूचित कर दोषी के ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग किया। मालिक से वादा किया है कि चाय बागान को फिर से उठने के लिए सभी प्रकार का सहयोग श्रमिक संगठन की ओर से किया जाएगा।

भाजपा समर्थित श्रमिक संगठन भारतीय टी वर्कर्स यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष जयराज विश्वकर्मा ने कहां कोई भी नहीं चाहता कि बागान बंद हो। बागान बंद होने में मालिक पक्ष का काफी भूल था। जो भी हो बागान खुल गया हो। हम सभी खूश है। हमारे संगठन के ओर से मालिक को सब समय सहयोग किया जाएगा।

वहीं, चाय बागान के प्रबंधक उत्तम सेन गुप्ता ने बताया कि आज से बागान का कामकाज शुरू हो गया है और पहले दिन लगभग 50 प्रतिशत श्रमिक काम पर उपस्थित रहे। समझौते के तहत आगामी 7 तारीख को पहला पखवाड़ा भुगतान किया जाएगा तथा चरणबद्ध तरीके से सभी श्रमिकों के बकाया का भुगतान कर दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT