गंगटोक : सिटीजन एक्शन पार्टी (सीएपी) सिक्किम के सदस्यों ने गुरुवार को मार्च निकालकर सिक्किम सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार प्रो. महेंद्र पी. लामा के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
सीएपी ने आरोप लगाया कि प्रो. लामा का दार्जिलिंग क्षेत्र के लिए प्रस्तावित ‘स्थायी राजनीतिक समाधान’ से जुड़े एक विवादित प्रस्ताव से संबंध है। पार्टी ने कहा कि ऐसे प्रस्ताव में सिक्किम के हितों को किसी भी रूप में जोड़ने को लेकर गंभीर चिंताएं हैं।
प्रदर्शन के दौरान सीएपी कार्यकर्ताओं ने प्रो. लामा की राज्य सरकार के साथ निरंतर भूमिका पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। पार्टी ने मांग की कि सरकार प्रो. लामा की भूमिका और प्रस्ताव से उनके कथित संबंधों पर स्पष्टीकरण दे तथा आवश्यक कार्रवाई करे।
सीएपी के अध्यक्ष गणेश राई ने कहा कि सिक्किम के हितों को दार्जिलिंग क्षेत्र से संबंधित किसी भी राजनीतिक व्यवस्था या समाधान के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। पार्टी ने सरकार से इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखने और प्रो. लामा की भूमिका पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने सिक्किम सरकार को विशेष विधान सभा सत्र बुलाकर इस पर सरकार की रुख़ साफ करने की मांग किया। यह मार्च ऐसे समय में हुआ है जब दार्जिलिंग क्षेत्र से संबंधित स्थायी राजनीतिक समाधान के प्रस्तावित ढांचे को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है।