सिलीगुड़ी

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

वोट चोरी के आरोपों पर एसपीसीसी अध्यक्ष गोपाल छेत्री ने जताई चिंता

Abhijit Dey

गंगटोक : सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एसपीसीसी) के अध्यक्ष गोपाल छेत्री ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ देशव्यापी अभियान के तहत शनिवार को गंगटोक प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चुनावी पारदर्शिता और नागरिकों के मतदान अधिकारों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान छेत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी मुद्दों से निपटने के निर्वाचन आयोग के तरीके ने उसकी निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और किसी भी राजनीतिक दल के हित में इससे समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

एसपीसीसी अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही तय करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

छेत्री ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों की मांग को लेकर आवाज उठाने वाली युवा पीढ़ी के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सतर्क रहने और शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीकों से अपने अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।

उन्होंने हाल ही में सिक्किम प्रवास पर अपने संबोधन में विभिन्न दावा करने वाले दार्जिलिंग के लोक सभा सांसद तथा सिक्किम भाजपा प्रभारी राजु विष्ट को सिक्किमियों को संविधान के धारा ३७१ एफ न सिखाने की नसीहत दी। उन्होंने मांग किया कि सिक्किम दार्जिलिंग विलय नहीं होगा ऐसा कहने वाले सांसद विष्टके पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ है तौ इस बात कि गैरेंटी के लिए भारत सरकार अधिसूचना जारी करें।

उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना भारतीय लोकतंत्र को सुरक्षित रखने और जनता के जनादेश की सर्वोच्चता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।

SCROLL FOR NEXT