सिलीगुड़ी

दार्जिलिंग जिला अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले का आरोपी पुलिस निगरानी में

Abhijit Dey

कर्सियांग: दार्जिलिंग जिला अस्पताल में नर्स समेत दो स्वास्थ्यकर्मियों पर जानलेवा हमला करने का आरोपी 21 वर्षीय मरीज सजल राई फिलहाल पुलिस निगरानी में है। अस्वस्थ होने के कारण उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर की सुबह अस्पताल के सीसीयू वार्ड में भर्ती सजल राई ने ड्यूटी पर तैनात नर्स प्रमिला छेत्री और लक्ष्मी राई पर हमला कर दिया था। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। फिलहाल दोनों का इलाज दार्जिलिंग जिला अस्पताल के सीसीयू वार्ड में चल रहा है।

घटना के बाद इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट (आईजीजेएफ) ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर दार्जिलिंग सदर थाने में ज्ञापन सौंपा। वहीं, दार्जिलिंग के विधायक नमन राई ने अस्पताल पहुंचकर घायल स्वास्थ्यकर्मियों का हालचाल जाना और सदर थाने का दौरा कर घटना की जानकारी ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी घूम के बतासिया क्षेत्र का निवासी है और हमले से तीन दिन पहले से सीसीयू वार्ड में भर्ती था। घटना के बाद पहाड़ के विभिन्न संगठनों ने अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की मांग उठाई है।

SCROLL FOR NEXT