कर्सियांग: दार्जिलिंग हिल यूनिवर्सिटी को मंगपू के जोगीघाट स्थित निर्माणाधीन परिसर से अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का बिक्रम आदि राई ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने पतंजलि योगपीठ के निर्माण के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताते हुए मांग की कि जोगीघाट में ही विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर जल्द से जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जाएं।
सोमवार को बिक्रम आदि राई ने जोगीघाट स्थित विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से निर्माणाधीन विश्वविद्यालय भवन का काम नई सरकार को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराना चाहिए, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंगपू में स्थापित होने वाली दार्जिलिंग हिल यूनिवर्सिटी को अन्यत्र स्थानांतरित करने का कोई भी प्रयास स्वीकार्य नहीं होगा। सरकार को जोगीघाट परिसर में ही विश्वविद्यालय को संचालित करने के लिए गंभीरता से पहल करनी चाहिए।
राई ने कहा कि वे शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों के विकास के पक्षधर हैं, लेकिन विश्वविद्यालय के लिए निर्धारित परिसर में पतंजलि योगपीठ के निर्माण का प्रस्ताव किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग हिल यूनिवर्सिटी मंगपू के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे जल्द शुरू करना समय की मांग है।