सिलीगुड़ी : कभी जगह की कमी के कारण बच्चों को एक ही जगह बैठकर पढ़ाई करने के साथ वहीं मिड-डे मील भी खाना पड़ता था। अब उनकी यह परेशानी दूर गई।डाबग्राम नंबर-2 जी.एस.एफ.पी. स्कूल में राउंड टेबल इंडिया की पहल से दो नए क्लासरूम तैयार किए गए हैं। इससे स्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुविधाजनक जगह मिल सकेगी। इस परियोजना को कामाख्या लाल बजोरिया चैरिटेबल ट्रस्ट, सिलीगुड़ी टाइगर्स राउंड टेबल-274 और सिलीगुड़ी राउंड टेबल-220 के सहयोग से पूरा किया गया।परियोजना के चेयरमैन ट्रस्टी राहुल अग्रवाल और ट्रस्टी प्रतीक अग्रवाल रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग का भी वितरण किया गया। बच्चों के लिए नए क्लासरूम और बैग मिलने से स्कूल में खुशी का माहौल रहा।राउंड टेबल इंडिया के सदस्यों ने कहा कि स्कूल में दो क्लासरूम तैयार किए गए हैं। एक बार क्लासरूम का निर्माण किया जाता है, लेकिन इसका लाभ आने वाले कई वर्षों तक बच्चों को मिलता रहता है। इसी सोच के साथ राउंड टेबल की ओर से बच्चों के लिए यह पहल की जाती है। स्कूल के प्रधानाचार्य राहुल कुंडू ने राउंड टेबल के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि स्कूल में जगह की कमी के कारण बच्चों को काफी परेशानी होती थी। बच्चे जिस जगह बैठकर पढ़ाई करते थे, कई बार वहीं उन्हें मिड-डे मील भी खाना पड़ता था। ऐसे में दो नए क्लासरूम मिलने से बच्चों को काफी राहत मिलेगी और पढ़ाई का माहौल भी बेहतर होगा।