सिलीगुड़ी: नक्सलबाड़ी के कलाबाड़ी मोड़ पर गुरुवार को पिकअप वैन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। सूचना मिलने पर नक्सलबाड़ी थाना पुलिस और ट्रैफिक गार्ड मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त करने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान फिलिप केरकेट्टा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह नक्सलबाड़ी-पानीघाटा रोड से साइकिल पर दूध लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलबाड़ी की ओर से आ रही एक पिकअप वैन ने कलाबाड़ी मोड़ के पास उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल नक्सलबाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भैंस ले जाने के आरोप की जांच
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय पिकअप वैन में भैंसें ले जाई जा रही थीं। इस आरोप को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में भैंसें ले जाई जा रही थीं या नहीं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फकना जोत निवासी चालक राजेन बर्मन को टोल प्लाजा इलाके से गिरफ्तार किया। दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया है।
सड़क जाम कर जताया विरोध
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कलाबाड़ी मोड़ पर काफी देर तक सड़क जाम रखा। इससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची नक्सलबाड़ी थाना पुलिस और ट्रैफिक गार्ड ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनबीएमसीएच) भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन में कथित रूप से भैंसें ले जाए जाने के आरोप की जांच कर रही है।