कालियागंज : स्टूडेंट्स हेल्थ होम की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को उत्तर दिनाजपुर जिला की कालियागंज क्षेत्रीय समिति की ओर से मिलनमयी उच्च बालिका विद्यालय में प्रतियोगितात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चिकित्सक डॉ. शांतनु दास उपस्थित हुए। विशेष अतिथियों में चिकित्सक डॉ. गौतम मजूमदार, कालियागंज कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. पवित्र बर्मन, कालियागंज पार्वती सुंदरी उच्च विद्यालय के प्रधान शिक्षक नंदन साहा और कालियागंज व्यवसायी समिति के अध्यक्ष प्रकाश कुंडू शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मिलनमयी उच्च विद्यालय की प्रधान शिक्षिका लाबनी राय ने की। स्वागत भाषण में लाबनी राय ने कहा कि स्टूडेंट्स हेल्थ होम का 75 वर्षों का इतिहास राज्य के गरीब बच्चों के लिए भरोसे का सहारा रहा है। डॉ. शांतनु दास ने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलने और अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने का अवसर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों पर पढ़ाई का अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनके साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए। कालियागंज केंद्र के सचिव रंजन मोदक ने बताया कि संस्था की ओर से कुल 29 विभागों में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें कुल 247 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक विभाग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगी ही आगामी 22 दिसंबर को बहरमपुर में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे।