सिलीगुड़ी: राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी नगर निगम के पांचों बोरो क्षेत्रों में आज से ‘सेवा सेतु’ अभियान शुरू हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए गए हैं। पहले दिन ही सभी शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन फॉर्म भरे और आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा किए। शिविरों में सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी लोगों को दी गई। बोरो नंबर-1 के लिए विवेकानंद हिंदी प्राइमरी स्कूल, बोरो नंबर-2 के लिए किरणचंद्र भवन, बोरो नंबर-3 के लिए सिलीगुड़ी इंडोर स्टेडियम, बोरो नंबर-4 के लिए श्यामाप्रसाद प्राइमरी स्कूल और बोरो नंबर-5 के लिए पाटेश्वरी जूनियर हाईस्कूल में शिविर आयोजित किया गया है। वहीं, फुलबाड़ी लक्ष्मीजोत में आयोजित शिविर के दौरान अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर कुछ महिलाओं में नाराजगी भी देखने को मिली। महिलाओं ने शिविर में अपनी समस्या रखी और संबंधित अधिकारियों से समाधान की मांग की। इसके अलावा शिविर में पीएम सूर्य मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है। अधिकारियों की ओर से योजना के तहत आवेदन करने और पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया। अभियान के तहत अगले दो दिनों तक भी विभिन्न बोरो क्षेत्रों में शिविर जारी रहेंगे, जहां लोग संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।