हाथियों के हमले के बाद नष्ट फसलें 
सिलीगुड़ी

हाथियों के तांडव से फसलें बर्बाद, किसानों पर गहराया संकट

अलीपुरदुआर: अलीपुरदुआर जिले के मादारीहाट ब्लॉक के पश्चिम मादारीहाट इलाके में जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, बीती रात और तड़के सुबह करीब आठ हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस आया और खेतों में तबाही मचा दी। इस दौरान किसान बाबलू हक के भुट्टा और मिर्च के खेत को पूरी तरह रौंद दिया गया। बताया जा रहा है कि लगभग डेढ़ बीघा भूमि में लगी तैयार फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक क्षति हुई है। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो फसल बर्बादी का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए। महीनों की मेहनत कुछ ही घंटों में बर्बाद हो गई, जिससे इलाके के किसानों में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से सटे क्षेत्रों में हाथियों का आना अब आम हो गया है, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल मुआवजा देने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT