North bengal medical college and hospital  
सिलीगुड़ी

बकाया वेतन और बोनस की मांग में संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दो महीने से वेतन नहीं मिलने और त्योहारों का बोनस बकाया रहने से नाराज संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।कर्मचारियों ने जल्द से जल्द बकाया वेतन और बोनस का भुगतान करने की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा दुर्गापूजा, कालीपूजा और छठ पूजा का बोनस भी अब तक नहीं दिया गया है।कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का खर्च चलाने में काफी परेशानी हो रही है। बार-बार समस्या के बावजूद समाधान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने गुरुवार को सुपरिंटेंडेंट कार्यालय के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आने वाले दिनों में वे काम बंद आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ऐसे में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।वहीं, अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट कौशिक ईश्वर ने भी इस समस्या को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से यह समस्या बनी हुई है। मामला वेस्ट बंगाल मेडिकल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधीन टेंडर से जुड़ा हुआ है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से संबंधित एजेंसी से संपर्क किया गया है, लेकिन एजेंसी के पास पर्याप्त फंड नहीं होने के कारण कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी हो रही है। सुपरिंटेंडेंट ने कहा कि वेतन बकाया रहने से आर्थिक रूप से कमजोर कर्मचारियों को परिवार चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर कर्मचारियों के बकाया वेतन और बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT