कालिम्पोंग/सिलीगुड़ी : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र पर अपनी खूब मेहरबानी लुटाई। मौसम की प्रतिकूलताओं के चलते कालिम्पोंग में हेलिकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया तो उन्होंने सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी के कामरांगागुड़ी स्थित राज्य सरकार के मिनी सचिवालय उत्तरकन्या से वर्चुअल रूप में कालिम्पोंग की आम जनता को संबोधित किया जो कि कालिम्पोंग टाउन हॉल में आयोजित समारोह में उपस्थित थी। वहीं, कई हस्तियों को सम्मानित किया। कालिम्पोंग के विभिन्न समूहों व संगठनों के प्रतिनिधियों संग संवाद किया। उनकी मांगें सुनीं व उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सरकारी जनकल्याण योजनाओं के लाभ लाभार्थियों को वितरित किए। चूंकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में वर्चुअल रूप में सम्मिलित हो पाए इसलिए उनकी ओर से अधिकारियों ने लोगों को सम्मान व योजना लाभ प्रदान किए।
भूस्खलन व बाढ़ प्रभावितों को जमीन और घर
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024-25 में भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित कालिम्पोंग के 73 परिवारों को जमीन का पट्टा और घर बनाने हेतु प्रति परिवार 3 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबंधन के लिए 254 करोड़ रुपये आवंटित करने की भी घोषणा उनके द्वारा की गई। विधवा भत्ता को भी 1,000 रुपये से बढ़ा कर 1500 रुपये किए जाने की घोषणा उन्होंने की। पीएम सूर्या घर योजना के तहत कालिम्पोंग में सर्वत्र सोलर लाइट की व्यवस्था होगी।
आयुष्मान भारत नहीं तो मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि, कालिम्पोंग जिला में 2,18,500 आयुष्मान कार्ड प्रदान किए जाने का लक्ष्य है जिससे कि व्यक्ति का पांच लाख रुपये तक का इलाज नि:शुल्क हो सकेगा। इसके तहत अब तक 1,15,011 लोगों को आयुष्मान कार्ड दिया जा चुका है। उनमें 123 लोगों ने नि:शुल्क चिकित्सा लाभ भी उठाया है जिसका मूल्य 11,77,190 रुपये हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि, हरेक योग्य व्यक्ति को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा। इसके दायरे में जो नहीं आ सकेंगे उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का लाभ दिया जाएगा। उसमें भी पांच रुपये तक का इलाज नि:शुल्क है। पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए लोगों को एक रुपया भी अपनी जेब से खर्च नहीं करना पड़ेगा।
चाय बागानों व मजदूरों के लिए 320 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि, पहाड़ से लेकर तराई व डूआर्स तक चाय बागानों व चाय बागान मजदूरों का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। बंद चाय बागानों के समाधान के लिए सरकार वचनबद्ध है। प्रधानमंत्री चा श्रमिक योजना लागू की जाएगी। यह योजना 2021 से ही असम में लागू है जो अब पूर्ण भी हो चुकी है। मगर, बंगाल में पिछली सरकार ने इसे लागू नहीं होने दिया। हम लोग इसे शुरू कर रहे हैं। इसके तहत 320 करोड़ रुपये से काम शुरू होगा। दुर्गा पूजा, भाई टीका और दिवाली से पहले-पहले चाय बागान मजदूरों को 20 प्रतिशत बोनस की एडवाइजरी भी श्रम विभाग ने जारी कर दी है। 125 दिनों की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना वीबी-जी-राम-जी को भी शुरू कर दिया गया है व पूर्ण प्रभावी बनाया जाएगा।
पीएम आवास योजना के तहत 8,325 आवास
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा भी की कि, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कालिम्पोंग जिला में शीघ्र ही में 8,325 लोगों को आवास का लाभ दिया जाएगा। उसकी सूची तैयार कर ली गई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में नए हाईवे और वैकल्पिक सड़कों के निर्माण की भी 250 करोड़ रुपये की योजनाएं हैं। ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स में 1500 युवाओं की बहाली होगी जिनमें 300 युवतियों को बहाली दी जाएगी।
कालिम्पोंग की विशिष्ट हस्तियां सम्मानित
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पद्मश्री डॉ. जी.एस. योनजोन, डॉ. एकलव्य शर्मा, स्वर्गीय पद्मश्री काजी सिंह की पत्नी श्रीमती दुर्गा सिंह, फिल्म निर्माता तुलसी घिमिरे, स्वतंत्रता सेनानी लोकराज अग्रवाल, मिरिक कॉलेज के प्राचार्य शेरपा भूटिया तथा आध्यात्मिक मंगल धाम के गुरुजी श्री 108 मोहनप्रियाचार्य को समाज में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम उपलक्ष्य में कालिम्पोंग के विधायक भरत छेत्री ने पहाड़ के विकास के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं, इस दिशा में सांसद राजू बिष्ट और राज्यमंत्री विशाल लामा को निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया।