कर्सियांग: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न संघ-संस्थाओं द्वारा सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कर्सियांग नारी शिप विकास संघ एवं मां दुर्गा लॉटरी एजेंसी, कर्सियांग के संयुक्त आयोजन में उज्रे बस्ती स्थित श्री श्री सात कन्या देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। इस दौरान सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा नियमित रूप से सफाई करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी मंदिर परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वच्छता अभियान जारी रखे जाएंगे। मां दुर्गा लॉटरी एजेंसी के प्रमुख विक्रम प्रधान ने कहा कि भविष्य में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।