सिलीगुड़ी

टीएमसी-आरपीआई कार्यकर्ताओं में झड़प, 4 घायल

Irfan E Azam

इस्लामपुर : उत्तर दिनाजपुर के ग्वालपोखर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को राजनीतिक झड़प की घटना सामने आई। गोआगांव नंबर-1 ग्राम पंचायत के मझगांव इलाके में तृणमूल कांग्रेस और रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में आरपीआई के चार कार्यकर्ता घायल हो गए।

आरपीआई की ओर से आरोप लगाया गया है कि झड़प के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरपीआई के गोलपोखर यूथ प्रेसिडेंट सद्दाम हुसैन पर हमला किया। घटना में सद्दाम हुसैन समेत खुर्शीद आलम, साजिद आलम और एक 17 वर्षीय लड़की घायल हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए लोधन हेल्थ सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए इस्लामपुर अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोलपोखर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आरपीआई कार्यकर्ताओं की ओर से घटना को लेकर ग्वालपोखर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। उत्तर दिनाजपुर आरपीआई के माइनॉरिटी प्रेसिडेंट नजीर अख्तर ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने आरपीआई कार्यकर्ताओं पर हथियारों से हमला किया। उन्होंने कहा कि घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 17 वर्षीय लड़की भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

SCROLL FOR NEXT