सिलीगुड़ी

उत्तर बंगाल में वैश्विक शिक्षा केंद्र बनने की संभावना

'सीआईआई नॉर्थ बंगाल एजुकेशन कॉन्क्लेव-2026' में विशेषज्ञ वक्ताओं ने रेखांकित किया यह पहलू कहा - उत्तर बंगाल में विश्व स्तरीय स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी एवं दक्षता विकास केंद्र कायम किए जाने बहुत जरूरी पड़ोसी देश नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, तिब्बत व म्यांमार के लाखों छात्र-युवा शिक्षा व दक्षता प्राप्ति के लिए यहां आ सकते हैं उद्योग के बीच की खाई को पाटना, छात्रों-युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस करना और क्षेत्रीय शिक्षा व्यवस्था को विश्व स्तरीय आकार देना समय की बड़ी आवश्यकता

सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल में वैश्विक शिक्षा केंद्र बनने की असीम संभावना है। इस दिशा में यदि इसे सुनियोजित रूप में विकसित किया जाए तो पड़ोसी देश नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, तिब्बत व म्यांमार के लाखों-लाख छात्र-युवा यहां शिक्षा व दक्षता प्राप्ति के लिए आ सकते हैं। इस हेतु यहां विश्व स्तरीय स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी एवं दक्षता विकास केंद्र कायम किए जाने बहुत जरूरी हैं। इस दिशा में हालांकि अनेक संस्थान कायम हुए हैं लेकिन अभी भी बहुत विश्व स्तरीय संस्थान यहां कायम किए जाने आवश्यक हैं। इससे उत्तर बंगाल के समग्र विकास को भी बहुत बल मिलेगा।

कंफेडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के उत्तर बंगाल क्षेत्रीय परिषद की ओर से शनिवार को होटल कोर्टयार्ड बाइ मैरियट के सभागार में आयोजित 'सीआईआई नॉर्थ बंगाल एजुकेशन कॉन्क्लेव-2026' में ये बातें वक्ताओं के उद्गारों द्वारा सामने आईं। इस कॉन्क्लेव में 'उत्तर बंगाल के भविष्य के विकास के लिए शिक्षा, कौशल और उद्योग का समन्वय' विषय के तहत 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और करियर का भविष्य',

'उभरते क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन', 'शिक्षा में भावनात्मक और आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता' एवं 'तनाव प्रबंधन व जुझारू शिक्षार्थियों का निर्माण' आदि कई पहलुओं पर परिचर्चा गोष्ठी हुई। इसमें उत्तर बंगाल भर से प्रमुख शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और 400 से अधिक विद्यार्थी सम्मिलित हुए।

सीआईआई (उत्तर बंगाल) के चेयरमैन सतीश मित्रुका, वाइस चेयरमैन अमल मंडल, पूर्व चेयरमैन संजय टिबड़ेवाल व नरेश अग्रवाल, शिक्षा पैनल के चेयरमैन रणदीप भटटाचार्य, रायगंज विश्वविद्यालय से डॉ. अर्णव सेन, जलपाईगुड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के डॉ. अमिताभ राय, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के शोधकर्ता डॉ. अर्णव चक्रवर्ती, डॉ. संयुक्ता चट्टोपाध्यापय, टीडब्ल्यूएए के अध्यक्ष सुजय कुमार बर्मन, यूएएम (कोलकाता) से आए विश्वजय चट्टोपाध्याय, इंस्पीरिया नॉलेज कैंपस (सिलीगुड़ी) के निदेशक राहुल गुप्ता व अन्य कई ने अपने-अपने उद्गार व्यक्त किए।

सीआईआई (उत्तर बंगाल) के चेयरमैन सतीश मित्रुका ने कहा कि, शिक्षा जगत और उद्योग के बीच की खाई को पाटने, छात्रों-युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल से लैस करने और क्षेत्रीय शिक्षा व्यवस्था को विश्व स्तरीय आकार देने के विषयों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ही इस सम्मेलन का आयोजन किया गया।

SCROLL FOR NEXT