गंगटोक : सिक्किम के छुजाचेन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कृष्ण बहादुर राई का मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है।
कृष्ण बहादुर राई वर्ष 2019 से 2024 के कार्यकाल के लिए सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के उम्मीदवार के रूप में छुजाचेन विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। इसके पश्चात उन्हें सिक्किम सरकार के भवन एवं आवास विभाग में सलाहकार के रूप में मनोनीत किया गया था।
उनके निधन पर सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट, भाजपा सिक्किम और सिटिजन्स एक्शन पार्टी-सिक्किम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी दलों ने अलग-अलग शोक संदेश जारी कर दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
राजनीतिक दलों ने अपने शोक संदेशों में राय के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।