आदिकवि भानुभक्त को श्रद्धांजलि देते मुख्यमंत्री  
सिलीगुड़ी

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने ‘अनुवाद सेतु पुरस्कार’ की घोषणा की

गंगटोक: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने सोरेंग जिले के जौतार में आयोजित 212वीं आदिकवि भानु जयंती समारोह में ‘अनुवाद सेतु पुरस्कार’ की घोषणा की। इस पुरस्कार के तहत नेपाली भाषा में विश्वस्तरीय साहित्यिक कृतियों का उत्कृष्ट अनुवाद करने वाले अनुवादकों को 3 लाख रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिकवि भानुभक्त आचार्य ने रामायण का नेपाली में अनुवाद कर ज्ञान और साहित्य को जन-जन तक पहुंचाया था। उसी प्रेरणा से शुरू किया गया यह पुरस्कार विश्व साहित्य और नेपाली भाषा के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कदम उठा रही है। अगस्त 2024 से सरकारी अधिसूचनाएं नेपाली भाषा में भी प्रकाशित की जा रही हैं। साथ ही नेपाली भाषा में शोध, शिक्षक नियुक्ति और बी.एड. पाठ्यक्रम में नेपाली विषय को बढ़ावा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नर बहादुर भंडारी के योगदान को याद करते हुए बताया कि 5 अक्टूबर को नर बहादुर भंडारी जयंती और 20 अगस्त को नेपाली भाषा मान्यता दिवस के रूप में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। युवाओं से उन्होंने हर महीने कम-से-कम एक नेपाली पुस्तक पढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि मातृभाषा ही संस्कृति, पहचान और संवेदनाओं की सबसे सशक्त अभिव्यक्ति है।

SCROLL FOR NEXT