कालिम्पोंग: कालिम्पोंग पुलिस के प्रयासों से राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी 40 वर्षीय भंवर सिंह चार महीने बाद अपने परिवार से मिल सके। वह 25 जून 2026 से लापता थे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पेदोंग थाना क्षेत्र के रेशी चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को बेसहारा हालत में घूमते हुए देखा। पुलिसकर्मियों ने उनसे बातचीत कर उनका विश्वास जीता और उनके बारे में जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले हैं और पिछले लगभग चार महीने से लापता हैं। इसके बाद पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क साधा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 12 नवंबर को भंवर सिंह को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कालिम्पोंग पुलिस के समर्पित प्रयासों से एक बार फिर बिछड़े परिवार का मिलन संभव हो सका।