इस्लामपुर : ग्वालपोखर-2 पंचायत समिति के सभापति अनवर आलम ने बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान में जीत हासिल कर अपना पद बरकरार रखा। वहीं, उपसभापति माधुरी बैन भी अपने पद पर बनी रहीं। इसके साथ ही ग्वालपोखर -2 पंचायत समिति में तृणमूल कांग्रेस का बोर्ड भी बरकरार रहा। ग्वालपोखर -2 पंचायत समिति में पार्टी के एक धड़े की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक खींचतान चल रही थी। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया।
पंचायत समिति में कुल 33 सदस्य थे, लेकिन एक सदस्य के निधन के बाद वर्तमान में सदस्यों की संख्या 32 रह गई है। बुधवार को हुए मतदान में 32 में से 21 सदस्य उपस्थित हुए। उपस्थित सदस्यों के समर्थन से सभापति अनवर आलम और उपसभापति माधुरी बैन ने अपने-अपने पद बरकरार रखे। तृणमूल नेतृत्व ने आरोप लगाया कि पार्टी के एक धड़े की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पीछे भाजपा नेताओं का हाथ था। हालांकि, मतदान के दौरान प्रस्ताव के पक्ष में पर्याप्त समर्थन नहीं जुट सका और सभापति व उपसभापति अपने पद पर बने रहे।
अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान को देखते हुए पंचायत समिति परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। मतदान के नतीजे सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस खेमे में राहत और उत्साह का माहौल देखा गया।