सिलीगुड़ी

भरोसे का फायदा उठाकर चेन चोरी, दो गिरफ्तार।

18 दिन बाद पुलिस ने सुलझाया मामला, केयरगिवर और उसका देवर गिरफ्तार; करीब 8 ग्राम सोना बरामद

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : बुजुर्ग महिला की देखभाल के लिए घर में काम करने पहुंची केयरगिवर पर सोने की चेन और नकदी चोरी करने का आरोप लगा। चोरी की चेन को पहचान छिपाने के लिए पिघलाकर ठिकाने लगाने की तैयारी भी की गयी। मामले की जांच करते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने केयरगिवर लबानी राय उर्फ रिंकी और उसके देवर रामचंद्र सरकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिघलाकर तैयार किए गए करीब 8 ग्राम सोने को बरामद कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुभाष पल्ली निवासी नरेंद्र नाथ दाम की पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार थीं। उनकी देखभाल के लिए उन्होंने लबानी राय को केयरगिवर के तौर पर काम पर रखा था। आरोप है कि 8 सितंबर को घर में काम करने के दौरान मौका पाकर लबानी ने अलमारी से करीब एक भरी सोने की चेन और नकदी चुरा ली। बाद में उसने कथित तौर पर चेन अपने देवर रामचंद्र सरकार को दे दी।

पुलिस के मुताबिक, रामचंद्र ने चेन को बेचने की तैयारी करते हुए उसकी पहचान छिपाने के लिए उसे पिघला दिया था। कुछ दिनों बाद नरेंद्र नाथ दाम ने अलमारी खोली तो चेन और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज करायी।

शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने लबानी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चोरी की कड़ी रामचंद्र तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर पिघलाया हुआ करीब 8 ग्राम सोना बरामद किया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद सोना उसके वास्तविक मालिक नरेंद्र नाथ दाम को सौंप दिया। चोरी का सामान वापस मिलने पर वह भावुक हो गए और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

SCROLL FOR NEXT