फीता काटते राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक 
सिलीगुड़ी

‘चाय बंधु साथी एंबुलेंस’ सेवा की शुरुआत

अलीपुरदुआर: गुरुवार को अलीपुरदुआर जिले के कुमारग्राम ब्लॉक अंतर्गत रायडाक ग्राम पंचायत के कार्तिका चाय बागान में ‘चाय बंधु साथी एंबुलेंस’ सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक ने फीता काटकर किया। जानकारी के अनुसार, इस एंबुलेंस सेवा के शुरू होने से कार्तिका चाय बागान और आसपास के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा समय पर मिल सकेगी। लंबे समय से यहां के लोगों को अस्पताल पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस अवसर पर सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक ने कहा कि 3 जनवरी को अलीपुरदुआर दौरे के दौरान अभिषेक बनर्जी ने चाय बागान के श्रमिकों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया था।


उन्होंने अपना वादा निभाते हुए इस सेवा को साकार किया है। सांसद ने कहा कि ‘चाय बंधु साथी एंबुलेंस’ सेवा से चाय बागान के श्रमिकों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा और आपात स्थिति में उन्हें त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा, चाय बागानों में एक के बाद एक काम हो रहे हैं। हाल ही में दुर्गम चाय बगानों से स्कूल बस परी सेवा की शुरुआत हुई थी, एक एक कर चाय बागानों के सभी अस्पतालों में एंबुलेंस सेवा शुरू हो रही है। बताया गया है कि यह एंबुलेंस सेवा राज्य सरकार के श्रम विभाग के माध्यम से शुरू की गई है। स्थानीय लोगों और श्रमिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याणकारी कदम बताया। इस नई स्वास्थ्य सुविधा से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है और यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT