सिलीगुड़ी

सीए पंकज मस्कारा बने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर

आशा गजमेर प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं सुजाता धीरासरिया द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चयनित हुईं लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 322एफ का दो दिवसीय 26वां वार्षिक सम्मेलन 'संगम' संपन्न, सैकड़ों प्रतिनिधियों ने लिया भाग

सिलीगुड़ी : शहर के जाने-माने समाजसेवी सीए पंकज मस्कारा सत्र 2026-2027 के लिए लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 322एफ के गवर्नर निर्वाचित हुए हैं। वह लायंस क्लब ऑफ सिलीगुड़ी मैग्नम से संबद्ध हैं। वहीं, वह दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सिलीगुड़ी शाखा के अध्यक्ष रह चुके हैं तथा महाराजा अग्रसेन लायंस मैग्नम ब्लड सेंटर, फूलबाड़ी के संस्थापक अध्यक्ष हैं।

उनके साथ आशा गजमेर प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं सुजाता धीरासरिया द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चयनित हुई हैं। ये दोनों क्रमश: लायंस क्लब ऑफ बनारहाट एवं लायंस क्लब ऑफ सिलीगुड़ी तराई शक्ति से संबद्ध हैं। इनके अलावा नवीन पारख कैबिनेट सेक्रेटरी व करन वाजला कैबिनेट ट्रेज़रर नियुक्त किए गए हैं। यह नव-निर्वाचित टीम आगामी जुलाई माह में हांगकांग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शपथ ग्रहण के पश्चात औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेगी, जिसके बाद सिलीगुड़ी में डिस्ट्रिक्ट इंस्टॉलेशन समारोह आयोजित किया जाएगा।

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 322एफ के गवर्नर-इलेक्ट सीए पंकज मस्कारा ने डिस्ट्रिक्ट 322एफ के आधिकारिक लोगो का अनावरण करते हुए अपनी मुख्य टीम की घोषणा की। उन्होंने अपने प्रति व्यक्त विश्वास के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि सभी लायन सदस्यों के सहयोग, आशीर्वाद एवं समर्पित प्रयासों से डिस्ट्रिक्ट 322एफ सेवा एवं नेतृत्व के एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश करेगा।

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 322एफ के दो दिवसीय 26वें वार्षिक सम्मेलन 'संगम' के दूसरे व अंतिम दिन उपरोक्त नई कार्यकारिणी का चयन हुआ। यह सम्मेलन शहर के निकट न्यू चामटा स्थित मेफेयर टी रिसॉर्ट में भव्य रूप में आयोजित किया गया था। वर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुरेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित उक्त सम्मेलन में 1,200 से अधिक लायन सदस्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान आकर्षक शोभायात्रा (परेड), रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मैत्री सत्र (फेलोशिप), आगामी वर्ष की सेवा रूपरेखा पर विचार-विमर्श तथा महत्वपूर्ण व्यवसायिक बैठकें आयोजित हुईं। उल्लेखनीय है कि लायंस की भव्य परेड में मेयर गौतम देव भी सम्मिलित हुए एवं अपनी गरिमामयी उपस्थिति से सभी का उत्साहवर्धन किया। उक्त सम्मेलन में अमेरिका से आ कर लायंस इंटरनेशनल के प्रथम उपाध्यक्ष मार्क एस. लायन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। सम्मेलन का समापन एकता, उत्साह और सेवा के प्रति नव-संकल्प के साथ हुआ।

उल्लेखनीय है कि, लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 322एफ में 110 लायंस क्लब शामिल हैं जो सिलीगुड़ी, डूआर्स क्षेत्र, सिक्किम राज्य तथा भूटान देश तक विस्तृत हैं। इस डिस्ट्रिक्ट में लगभग 3,700 सदस्य हैं। यह डिस्ट्रिक्ट अपने ऐतिहासिक सेवा प्रकल्पों, मानवीय कार्यों तथा सक्रिय सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अपनी विशेष पहचान रखता है।

SCROLL FOR NEXT