Nbstc 
सिलीगुड़ी

पूजा के बाद सिलीगुड़ी में दौड़ेगा ‘बस रेस्टोरेंट’

दो बसों को जोड़कर बनेगा एसी रेस्टोरेंट, 30 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : शहर के तेनजिंग नॉर्गे बस टर्मिनस में जल्द ही यात्रियों को एक अनोखा अनुभव मिलने वाला है। सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो पूजा के बाद यहां राज्य का पहला ‘बस रेस्टोरेंट’ शुरू हो सकता है। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की ओर से दो बसों को जोड़कर वातानुकूलित रेस्टोरेंट तैयार किया जाएगा। शनिवार को टर्मिनस में ठंडे और फिल्टर्ड पेयजल की सुविधा के उद्घाटन के दौरान परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने बस रेस्टोरेंट शुरू करने की घोषणा की। निगम के मुताबिक, रेस्टोरेंट में करीब 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।

योजना के अनुसार, दो बसों को एक साथ जोड़कर सिंगल स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। एक बस के आधे हिस्से में किचन और बाकी हिस्से में बैठने की व्यवस्था होगी। दूसरी बस का पूरा हिस्सा बैठने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यह बस रेस्टोरेंट टर्मिनस परिसर के उस हिस्से में बनाया जाएगा, जहां से सरकारी बसें रवाना होती हैं।

बस रेस्टोरेंट के साथ टर्मिनस में लंबे समय से बंद पड़ी ओपन एयर कैफेटेरिया को भी फिर से शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन की ऊपरी मंजिल पर इंडोर कैफेटेरिया भी शुरू किया जाएगा। इंडोर कैफेटेरिया में करीब 30 से 40 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। दोनों कैफेटेरिया में मिलाकर करीब 70 लोग एक साथ बैठकर भोजन कर सकेंगे। हालांकि, इन दोनों कैफेटेरिया में एसी की सुविधा नहीं होगी। परिवहन मंत्री के अनुसार, कैफेटेरिया और बस रेस्टोरेंट को नियमित रूप से चलाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।

आनंदमय बर्मन ने बताया कि आने वाले दिनों में निगम को नई बसें मिलने की संभावना है। पूजा से पहले राज्य को कुछ नई बसें मिलेंगी, जिनमें से कुछ बसें एनबीएसटीसी को भी मिल सकती हैं। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से और बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि तेनजिंग नॉर्गे बस टर्मिनस के बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग से बातचीत चल रही है। साथ ही निगम की सेवाओं में सुधार के लिए आम लोगों से नियमित रूप से सुझाव लेने की बात भी कही गई है।

SCROLL FOR NEXT