कालियागंज: कालियागंज में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। कालियागंज-रायगंज राज्य सड़क पर एक स्कूल के सामने दो रूट बसों के बीच रेस के दौरान एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में लगभग 30 यात्री घायल हो गए।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कालियागंज से दो निजी बसें एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में रायगंज की ओर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बसें लगातार ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थीं। जैसे ही वे प्रणबानंद स्कूल के पास पहुंचे , एक बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और मिलकर घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को पहले कालियागंज स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।