लकड़ी मिल को बुलडोजर से ध्वस्त करते प्रशासनिक अधिकारी  
सिलीगुड़ी

चाकुलिया में अवैध लकड़ी मिलों पर चला बुलडोजर

इस्लामपुर : वन विभाग और चाकुलिया पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर चाकुलिया क्षेत्र में संचालित तीन अवैध लकड़ी मिलों पर बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर तीनों मिलों को ध्वस्त कर दिया तथा वहां से मशीनरी, लकड़ी के लट्ठे और अन्य सामान जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने चाकुलिया के कालीबाड़ी क्षेत्र में स्थित दो तथा शिरसी क्षेत्र में स्थित एक अवैध लकड़ी मिल पर छापेमारी की। हालांकि, प्रशासन के पहुंचने से पहले ही तीनों मिलों के संचालक मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि इन मिलों के खिलाफ लंबे समय से अवैध रूप से संचालन और चोरी की लकड़ी की खरीद-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इस मामले में मिल संचालक अब्दुल कयूम, मोहम्मद इस्माइल और अब्दुल वहाब के नाम सामने आए हैं। बीडीओ सुजॉय धर तथा वन विभाग के अधिकारी दुर्गाकांत झा की मौजूदगी में तीनों मिलों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मिलों में लगी मशीनें, लकड़ी के लट्ठे और अन्य उपकरण जब्त कर लिए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिल संचालकों के पास संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। विभाग की ओर से उन्हें कई बार नियमों का पालन करने और आवश्यक अनुमति लेने के लिए चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यह छापेमारी चाकुलिया थाना पुलिस और केंद्रीय बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

SCROLL FOR NEXT