भूस्खलन के बाद क्षतिग्रस्त पुल  
सिलीगुड़ी

भूस्खलन से बड़ापाथिंग में टूटा पुल

पाक्योंग: पूर्वी सिक्किम के नाथांग-माचोंग विधानसभा क्षेत्र के बड़ापाथिंग स्थित चौथे माइल इलाके में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। यहां एक पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। क्षेत्र विधायक एवं महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र और क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में सड़क एवं पुल विभाग के अधीक्षण अभियंता टी. एन. अधिकारी, पाक्योंग के जिला योजना अधिकारी टी. आर. छेत्री, सहायक अभियंता नवीन छेत्री समेत विभागीय अधिकारी और नालंदा इंजिकॉम के प्रतिनिधि शामिल थे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि लगातार भारी बारिश के कारण पुल पूरी तरह ध्वस्त हुआ है। पुल टूटने से प्राकृतिक जलधारा का प्रवाह प्रभावित हो गया है, जिससे जलभराव और आसपास के आवासीय क्षेत्रों व संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। पुल क्षतिग्रस्त होने से बड़ापाथिंग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित चार वार्डों का संपर्क प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का आकलन कर तत्काल राहत, सुरक्षा उपायों और मरम्मत कार्यों को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की।

SCROLL FOR NEXT