सिलीगुड़ी

बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाई 26वीं वर्षगांठ

Abhijit Dey

कालिम्पोंग: मेल्ली स्थित सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 87 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (आरसीसी) में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की 26वीं वर्षगांठ उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बीआरओ परिवारों के कल्याण, सशक्तिकरण और एकजुटता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रम की शुरुआत 87 आरसीसी बीआरओवा की प्रथम महिला श्रीमती खुशबू अधिकारी मेहरा ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद बीआरओवा गीत प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागी महिलाओं द्वारा तैयार रंगोली ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। इस दौरान कोपरा पाक मिठाई बनाने का प्रदर्शन, अंताक्षरी प्रतियोगिता, बीआरओ की 18 परियोजनाओं पर आधारित रैंप वॉक तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव को लेकर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए। रैंप वॉक प्रतियोगिता में बीआरओवा की महिलाओं ने बीआरओ की सभी 18 परियोजनाओं को प्रस्तुत किया। इसमें प्रत्येक परियोजना के स्थान और प्रमुख कार्यों की जानकारी दी गई । प्रतियोगिता के साथ ही यह बीआरओ के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और उसकी व्यापक भूमिका को समझने का रोचक माध्यम भी बना। कार्यक्रम के दौरान बीआरओवा की विभिन्न कल्याणकारी पहलों पर भी प्रकाश डाला गया। विशेष रूप से दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में तैनात बीआरओ कर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए संगठन की ओर से किए जा रहे निरंतर सहयोग को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो सत्र और सामूहिक भोज के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रीमती खुशबू अधिकारी मेहरा ने सभी परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और सहयोग के लिए आभार जताया।

SCROLL FOR NEXT