कालिम्पोंग : गोरुबथान ब्लॉक के नीम ग्राम पंचायत स्थित बीएम हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालिम्पोंग की पुलिस अधीक्षक अपराजिता राय, आईपीएस की विशेष मौजूदगी रही। माइपाटे थापसांग गैरसरकारी संस्था और बीएम हाई स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, मानव तस्करी के संभावित खतरों और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई । इस दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मानव तस्करी के संभावित जोखिमों की पहचान करने तथा स्वयं और अपने समुदाय को सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में साइबर सुरक्षा तथा मानव तस्करी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान देना है।