जश्न मनाती भाजपा समर्थक 
सिलीगुड़ी

भाजपा की पवित्री रसाइली निर्विरोध ग्राम पंचायत प्रधान निर्वाचित

मेटेली-बाताबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत में विशेष बैठक के दौरान हुआ चुनाव

सन्मार्ग संवाददाता, नागराकाटा: मेटेली ब्लॉक के चालसा स्थित मेटेली-बाताबाड़ी नंबर-1 ग्राम पंचायत में मंगलवार को भाजपा की पंचायत सदस्य पवित्री रसाइली को निर्विरोध ग्राम पंचायत प्रधान चुना गया। प्रधान के चुनाव के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच विशेष बैठक आयोजित की गई।

ग्राम पंचायत में कुल 26 पंचायत सदस्य हैं, जिनमें से 24 सदस्य बैठक में उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के 5, तृणमूल कांग्रेस के 17, माकपा के 1 और एक निर्दलीय पंचायत सदस्य शामिल थे। पूर्व प्रधान दीपा मिजार बैठक में अनुपस्थित रहीं, जबकि एक पंचायत सदस्य का निधन हो चुका है। बैठक के दौरान भाजपा पंचायत सदस्य शंकरी मुखर्जी राय ने प्रधान पद के लिए पवित्री रसाइली के नाम का प्रस्ताव रखा। पंचायत सदस्य रोमा उरांव ने इसका समर्थन किया।

उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। प्रधान पद के लिए किसी अन्य नाम का प्रस्ताव नहीं आने पर पवित्री रसाइली को निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। पवित्री रसाइली के प्रधान चुने जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में अबीर खेलकर खुशी मनाई। इसके बाद नव निर्वाचित प्रधान को साथ लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय से चालसा गोलाई तक विजय जुलूस निकाला गया। प्रधान के चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस के साथ केंद्रीय बलों के जवान भी तैनात थे । माल एसडीपीओ सुदीप्त सरकार और मेटेली थाना प्रभारी मिंगमा लेपचा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई। नवनिर्वाचित प्रधान पवित्री रसाइली ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के विकास के लिए सभी पंचायत सदस्यों और स्थानीय लोगों को साथ लेकर काम किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT