सिलीगुड़ी

जमीन विवाद में भाजपा नेत्री पर घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट का आरोप

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : जमीन विवाद को लेकर फुलबाड़ी-दो ग्राम पंचायत के पश्चिम धंतला इलाके में एक परिवार के घर पर कथित हमले, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। इस घटना में भाजपा की एक महिला नेत्री ममोनी दास और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने घर में घुसकर परिवार की महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट की तथा नकदी और सोने के गहने समेत कीमती सामान लूट लिया। घटना के बाद एनजेपी थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनवर इस्लाम ने इस संबंध में एनजेपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में भाजपा महिला नेत्री ममोनी दास समेत 16 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस जमीन पर वह अपने परिवार के साथ रहते हैं, उसे लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। विवाद के समाधान के लिए उन्होंने विधायक शिखा चटर्जी और भाजपा के अन्य नेताओं से भी संपर्क किया था। उनका दावा है कि भाजपा महिला मोर्चा की जलपाईगुड़ी जिला नेत्री अनिंदिता रॉय दास ने भी विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, इसके बाद मामला और उलझता चला गया।

अनवर इस्लाम का आरोप है कि 6 नवंबर को 100 से अधिक लोग अचानक उनके घर के बाहर जुटे और जबरन घर में घुस गए। इस दौरान परिवार की महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट की गई। घर के सामान में तोड़फोड़ करने के साथ नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान भी ले जाने का आरोप है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी कथित तौर पर अपने साथ ले जाने की शिकायत की गई है।

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनजेपी थाने की पुलिस अनवर इस्लाम के घर के बाहर तैनात है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, आरोपों के संबंध में संपर्क किए जाने पर भाजपा नेत्री ममोनी दास ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

SCROLL FOR NEXT