सिलीगुड़ी : छठ पूजा के दौरान सामने आ रही विभिन्न अव्यवस्थाओं और कथित त्रुटियों को लेकर बिहार कल्याण मंच के सदस्यों ने गुरुवार पत्रकार वार्ता की। इस दौरान मंच के सदस्यों ने छठ पूजा की परंपरा, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। पत्रकार वार्ता में सदस्यों ने कहा कि छठ पूजा संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में केले के पेड़, फूलों की मालाएं और अन्य पूजा सामग्री नदियों में प्रवाहित कर दी जाती हैं। इससे नदियों में गंदगी फैलती है और प्राकृतिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व के दौरान स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। पूजा के बाद घाटों और नदियों की सफाई सुनिश्चित करना भी सभी की जिम्मेदारी है। वहीं, मंच के सदस्यों ने छठ पूजा के नाम पर बढ़ते दिखावे पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि कुछ लोग गरीबों के बीच छठ सामग्री वितरित कर उनकी तस्वीरें खिंचवाते हैं और इसे प्रचार का माध्यम बनाते हैं। इसके अलावा छठ पूजा के नाम पर भिक्षा मांगने की प्रवृत्ति पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। मंच के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व की वास्तविक परंपरा और महत्व को समझना जरूरी है। इसे दिखावे या प्रचार का माध्यम बनाने के बजाय इसकी पवित्रता, सादगी और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को बनाए रखना चाहिए। बिहार कल्याण मंच ने इन प्रवृत्तियों की निंदा करते हुए लोगों से छठ पूजा की गरिमा बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।