सिलीगुड़ी : शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा उत्सव आयोजकाें में से एक बिनय, बादल, दिनेश (बि.बा.दि.) संघ इस बार दुर्गाेत्सव-2025 में लोगों को 'नारी जीवन' की अनोखी कहानी दिखाने, सुनाने, बताने जा रहा है। इसे लेकर एनजेपी-भक्ति नगर की बि.बा.दि. सरणी स्थित बि.बा.दि. मैदान में 'नारी जीवन' थीम पर एक अलग अनोखा पंडाल बनाया जा रहा है। सिलीगुड़ी के ही कारीगरों द्वारा दिन-रात एक करके बड़े ही सुंदर व आकर्षक रूप में पंडाल को आकार दिया जा रहा है। आम नारी के प्रतिरूप में देवी दुर्गा की प्रतिमा भी स्थानीय मूर्तिकार ही बना रहे हैं। प्रकाश-सज्जा भी यहीं के कारीगरों द्वारा की जा रही है। यहां का पैसा यहीं रहे, यहीं के लोगों के काम आए। इसी उद्देश्य से सब काम स्थानीय कारीगरों को ही दिया गया है। इस बार इस क्लब के दुर्गोत्सव का बजट 15 लाख रुपये है।
आयोजक क्लब बि.बा.दि. संघ की दुर्गा पूजा आयोजन समिति के सचिव बैद्यनाथ सरकार ने बताया कि, हर एक व्यक्ति के जीवन में नारी अनेक रूप में आती है और अपनी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा कर अपना अमूल्य योगदान देती है। वह चाहे मां, बहन, पत्नी व बेटी जो भी रूप हो। मगर, नारी के दुख-दर्द को जिस तरह महसूस किया जाना चाहिए और उसे जिस तरह अपनत्व दिया जाना चाहिए उसमें आज भी कुछ कसर है। इसीलिए हम लोगाें ने इस बार 'नारी जीवन' थीम पर ही दुर्गोत्सव आयोजित कर समाज को एक अनोखा संदेश देने का प्रयास किया है। वहीं, क्लब के सांस्कृतिक सचिव कौशिक दास ने कहा कि, व्यक्ति, परिवार व समाज के जीवन में नारी का जितना योगदान है उतना उसे सम्मान नहीं मिल पाता है। इस दिशा में समाज को संवेदनशील होने की आवश्यकता है। इसीलिए इस बार हमारी खास प्रस्तुति है कि देवी दुर्गा के पूजन उत्सव में लोग आम नारी के महत्व को भी समझें व उसे आवश्यक अपनत्व दें।
आयोजक क्लब सचिव प्रदीप घोष ने बताया कि दुर्गोत्सव के दौरान पंडाल व यहां आने वाले दर्शनार्थियों की सुरक्षा की भी पूरी व्यवस्था रहेगी। पुलिस व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी होगी। वहीं, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। आगंतुकों के आवश्यकतानुसार उपचार हेतु डॉक्टर भी उपलब्ध रहेंगे। एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी। गत वर्ष भी हमारे क्लब के दुर्गोत्सव आयोजन को लोगों ने खूब सराहा था। इस बार भी अनोखे अंदाज में दुर्गोत्सव की तैयारी है जिसे लेकर हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार भी हमारे आयोजन को लोगों का खूब प्यार मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि बिनय, बादल, दिनेश (बि.बा.दि.) संघ की स्थापना 1979 में हुई थी। इस क्लब द्वारा दुर्गाेत्सव आयोजन का यह 39वां वर्ष है। यह क्लब सिलीगुड़ी के श्रेष्ठ दुर्गोत्सव आयोजकों में अपनी जगह बनाता रहता है। यहां का दुर्गोत्सव देखने को लोगों की अच्छी भीड़ उमड़ती है।
------
बिनय-बादल-दिनेश संघ
स्थान : बि.बा.दि. सरणी, भक्ति नगर, सिलीगुड़ी
थीम : नारी जीवन
बजट : 15 लाख रुपये
आयोजन वर्ष : 39वां
------
हर एक व्यक्ति के जीवन में नारी अनेक रूप में आती है और अपनी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा कर अपना अमूल्य योगदान देती है। वह चाहे मां, बहन, पत्नी व बेटी जो भी रूप हो। मगर, नारी के दुख-दर्द को जिस तरह महसूस किया जाना चाहिए और उसे जिस तरह अपनत्व दिया जाना चाहिए उसमें आज भी कुछ कसर है। इसीलिए हम लोगाें ने इस बार 'नारी जीवन' थीम पर ही दुर्गोत्सव आयोजित कर समाज को एक अनोखा संदेश देने का प्रयास किया है।
बैद्यनाथ सरकार
सचिव - सार्वजनीन दुर्गा पूजा आयोजन समिति
बिनय-बादल-दिनेश संघ (भक्ति नगर)