जब्त शराब के साथ पुलिस 
सिलीगुड़ी

भूटानी शराब बरामद, वाहन जब्त, दो गिरफ्तार

बीरपाड़ा : शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर बीरपाड़ा थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में भूटानी शराब जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, बीरपाड़ा थाना की विशेष पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक मैक्स वाहन में बड़े पैमाने पर विदेशी भूटानी शराब तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बीरपाड़ा के कॉलेज पाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 95 कार्टून विदेशी भूटानी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फादलाल शाह और नूर आलम के रूप में हुई है, जो जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी शराब को पड़ोसी देश भूटान से चोरी छुपे क्षेत्र में लाकर यहां से आगे अन्य जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हुए वाहन को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ निर्धारित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सोमवार को अलीपुरदुआर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया है। बीरपाड़ा के थाना प्रभारी ने कहा कि गुप्त सूचना का आधार पर हमारी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। सीमा क्षेत्रों में शराब तस्करी एवं अन्य अवैध कारोबार को रोकने के लिए अभियान और अधिक तेज़ किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT