कालियागंज: उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के चार वर्षों से लंबित पारिश्रमिक के भुगतान और सहकारी समितियों में पारदर्शी चुनाव की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने शुक्रवार को BDO को ज्ञापन सौंपा।
BMS के उत्तर दिनाजपुर जिला कमेटी के सचिव ने बताया कि कालियागंज ब्लॉक की आठ ग्राम पंचायतों में संचालित SHG सहकारी समितियों की चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर संगठन ने बीडीओ विद्युत बरण विश्वास को लिखित शिकायत दी है। संगठन का आरोप है कि वर्ष 2022 से 2025 तक SHG समूहों की कई सदस्यों का पारिश्रमिक बकाया है, जिसका जल्द भुगतान किया जाना चाहिए। इसके अलावा समितियों के संचालन में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग भी की गई है। BMS ने ‘स्वर्णमयी महिला समिति’ की वर्तमान सचिव हासी दास पर वित्तीय अनियमितताओं और सदस्यों को कथित रूप से धमकाने के आरोप लगाए हैं। संगठन ने मांग की है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और समिति में नए सिरे से निष्पक्ष चुनाव कराया जाए। बीडीओ विद्युत बरण विश्वास ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले पर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं, बताया गया है कि हासी दास के खिलाफ कालियागंज थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रशासन की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।