नागराकाटा: बानरहाट ब्लॉक के डायना चाय बागान एवं सुकुवाझोड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर ‘सीनी’ संस्था की ओर से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संबंध में संस्था की सहायक सबीना उरांव ने जानकारी दी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इसमें समय पर स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां लेने तथा संतुलित आहार अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही सुरक्षित प्रसव और प्रसव के बाद देखभाल के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई। ज्ञात हो कि भारत में प्रत्येक वर्ष 11 अप्रैल को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, मातृ मृत्यु दर को कम करना तथा सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह दिवस कस्तूरबा गांधी की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है और इसे वर्ष 2003 में आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई थी। इस अवसर पर ‘सीनी’ संस्था ने स्थानीय महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक सुझाव भी दिए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं तथा संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।