सिलीगुड़ी
दुर्गापूजा के दौरान डीजे का इस्तेमाल नहीं करने के लिए सिलीगुड़ी की विभिन्न पूजा समितियों की सराहना करते हुए राज्य के मंत्री शंकर घोष ने लोगों से कालीपूजा और दिवाली पर भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा में समितियों ने जिस तरह जिम्मेदारी का परिचय दिया, उसी जागरूकता को आने वाले वर्षों में भी बनाए रखने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने लोगों से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों के इस्तेमाल से बचने का आग्रह किया।
शनिवार को हिमालयन नेचर एंड एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से इस संबंध में मंत्री शंकर घोष को एक ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने कालीपूजा और दिवाली के दौरान ध्वनि एवं वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई मांगें उठाईं। इस मुद्दे पर संगठन के सदस्यों ने एक संवाददाता सम्मेलन भी किया।
संगठन की ओर से दुर्गापूजा समितियों द्वारा डीजे से परहेज करने की पहल को आगे भी जारी रखने की मांग की गई। इस पर मंत्री ने पूजा समितियों के सहयोग के लिए आभार जताया और उनसे भविष्य में भी इसी परंपरा को बनाए रखने की अपील की।
मंत्री शंकर घोष ने कहा कि तेज आवाज वाले पटाखों पर नियंत्रण के लिए पहले ही कई दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इन नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से दिवाली के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे नहीं चलाने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।