Accused  
सिलीगुड़ी

अवैध कॉल सेंटर की कार्रवाई में कुल 9 गिरफ्तार

सिलीगुड़ी के दो अलग अलग आईटी पार्कों में पुलिस की कार्रवाई

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी के आईटी पार्कों में कथित तौर पर चलाए जा रहे अवैध कॉल सेंटर के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात दो अलग-अलग आईटी पार्कों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। जानकारी के मुताबिक, माटीगाड़ा के खपरैल मोड़ और परिवहन नगर स्थित आईटी पार्कों में अवैध रूप से कॉल सेंटर संचालित किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान की तैयारी की। बताया गया है कि 200 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देर रात कार्रवाई शुरू की। पुलिस कमिश्नरेट से निकलने के बाद अधिकारियों ने दो टीमों में बंटकर दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ कर्मचारी मौके से भाग निकले। हालांकि, अवैध कॉल सेंटर से जुड़े होने के आरोप में पुलिस ने कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। खपरैल मोड़ स्थित आईटी पार्क से 3 पुरुष और 2 महिलाएं, जबकि परिवहन नगर स्थित आईटी पार्क से 2 पुरुष और 2 महिलाएं गिरफ्तार किए गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन, कंप्यूटर समेत अन्य सामान भी जब्त किया। कार्रवाई के बाद दोनों कथित अवैध कॉल सेंटर को सील कर दिया गया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन कॉल सेंटरों का संचालन किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

SCROLL FOR NEXT