सिलीगुड़ी
वेतन को लेकर हुए विवाद में एक युवक के अपहरण की कोशिश और मारपीट के मामले में एनजेपी थाना की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान कमलेश यादव (47), मोहम्मद असरफ, सनी उरांव, रंजीत शर्मा और संतोष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। इनमें कमलेश यादव रांची के पतरातोली स्थित रांची डोर ऑफ लाइफ का मालिक बताया गया है। पुलिस ने आरोपितों के साथ वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना को लेकर 2 नवंबर को एनजेपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता अमन शर्मा (27) सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 26 स्थित मिलनपल्ली का निवासी है। आरोप है कि पांचों आरोपित स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे और पुराने वेतन विवाद को लेकर अमन को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गया।
अमन की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई कर पांचों आरोपितों को वाहन समेत पकड़ लिया। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। वेतन विवाद को लेकर शुरू हुआ मामला अपहरण की कोशिश और मारपीट तक कैसे पहुंचा, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।