सिलीगुड़ी : अशरफ नगर कल्चरल क्लब की ओर से बीते रविवार की शाम अशरफ नगर स्थित अपने क्लब सभागार में मुशायरा सह कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता शहर के जाने-माने वरिष्ठ साहित्यकार देवेन्द्र नाथ शुक्ल ने की। वहीं, विशिष्ट अतिथियों के रूप में शहर के जाने-माने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओमप्रकाश पांडेय, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सिंह व सत्येन बनर्जी सम्मिलित रहे। इसका बहुत ही रोचक व आकर्षक संचालन शहर के मशहूर शायर इरफान-ए-आज़म ने किया। इस मुशायरा सह कवि सम्मेलन में उपरोक्त कवियों के साथ ही साथ आयोजक क्लब के सचिव व शहर के जाने-माने शायर नेमतुल्लाह नूरी, कवि बसंत कर्वा, कवयित्री डॉ. कल्पना सिंह, किरण अग्रवाल व गुंजन गुप्ता, शायर अलाउद्दीन अहमद, मोहम्मद नैयर आलम और वसीम अशरफी आदि ने अपनी एक से एक रचनाएं प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। उन्होंने समय व समाज के विभिन्न पहलुओं को अपनी रचनाओं के जरिये रेखांकित किया और सामाजिक जागरुकता एवं शांति व सद्भाव का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिथियों में शम्सिया हाई मदरसा के पूर्व प्रधानाचार्य मोहम्मद हबीब, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. इकबाल मुशर्रफ, आयोजक क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद असलम, सह-सचिव हैदर अली, कोषाध्यक्ष राजा खान व अन्य कई गणमान्य सम्मिलित रहे।